Ayodhya News: आज आएंगी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, देंगी 144 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र व 150 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए गैस चूल्हा और बर्तन

अयोध्या: प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 28 मार्च को अयोध्या आएंगी। अवध विश्वविद्यालय में आयोजित बाल विकास विभाग के कार्यक्रम में भाग लेंगी। कार्यक्रम में रमेश भाई ओझा के साथ श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के भी मौजूद रहने की उम्मीद है। बुधवार को राजभवन के दो अफसरों ने राज्यपाल के कार्यक्रम को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा की गई।
बुधवार को राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव सुधीर एम बोबडे और विशेष कार्याधिकारी डॉ. पंकज एल जानी डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय पहुंचे थे। सूत्रों की मानें तो उन्होंने कौटिल्य सभागार में राज्यपाल के कार्यक्रम को लेकर समीक्षा की। इस दौरान कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। बता दें कि इससे पहले दोनों अधिकारियों का दौरा दो बार हो चुका है। चर्चा रही कि राज्यपाल के आगमन के मद्देनजर दोनों अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल और उनके ठहरने के स्थल अटल अतिथि गृह की व्यवस्था भी परखी। 28 मार्च को अन्य कार्यक्रमों के अलावा राज्यपाल बाल विकास विभाग के कार्यक्रम में भाग लेंगी। कार्यक्रम अवध विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में जिले में नवनियुक्त की गई 144 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया जाएगा। 150 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए गैस चूल्हा और बर्तन का वितरण होगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी न एके त्रिपाठी ने बताया कि अवध विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में राज्यपाल नियुक्ति पत्र के साथ दूसरे सामानों का वितरण करेंगी। कार्यक्रम में विभाग को वितरण के लिए 35 लाख रुपये डोनेट करने वाले संदीपन आश्रम के रमेश भाई ओझा, ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के साथ अन्य मौजूद रहेंगे।